फोटो समाचार...
हिंदू संस्कृति ही क्षत्रियों की संस्कृति: गिरिजेश दास
बापू इंटर कॉलेज सभागार में महाराणा प्रताप की जयंती मनी
अखिल भारतीय क्षत्रिय मंच की जिले की कार्यकारिणी का गठन
पूर्व प्रमुख भीम सिंह को मिली मंच के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। नगर के बापू इंटर कॉलेज सभागार में रविवार को महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई। अखिल भारतीय क्षत्रिय मंच के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में जिले की कार्यकारिणी का गठन किया गया। पूर्व प्रमुख धर्मेंद्र विक्रम उर्फ भीम सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान रामनयन सिंह ने की।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय क्षत्रिय मंच के प्रभारी गिरिजेश दास महाराज ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में रामराज्य की कल्पना की गई थी। राम हमारे पूर्वज थे। हिंदू संस्कृति ही क्षत्रिय संस्कृति है। संस्कृति की रक्षा के लिए क्षत्रिय समाज संकल्पित है। समाज के लोगों को शिक्षित व संस्कारवान होने की जरूरत है। आजादी के बाद क्षत्रिय समाज आज जितना दुर्दिन में है, उतना पहले नहीं था। हमारे क्षत्रिय बंधुओं को क्षत्रिय होने का घमंड है। हमारे अंदर घमंड नहीं, स्वाभिमान होना चाहिए। संगठन के माध्यम से समाज के गरीब बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। पूर्व प्रमुख चंद्रभान सिंह ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट, संस्कारित व नशे से दूर रहकर शिक्षा पर जोर देने की जरूरत है। नवनियुक्त मंच के जिलाध्यक्ष भीम सिंह ने कहा कि मंच जनपद में समाज के लोगों को जोड़ने का काम कर रहा है। अखिल भारतीय क्षत्रिय मंत्र के संयोजक व प्रदेश महामंत्री रामअवध सिंह विशेन ने आभार जताया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर किया गया। जिला कार्यकारिणी में धर्मेंद्र विक्रम उर्फ भीम सिंह को जिलाध्यक्ष, रितेश सिंह को जिला महासचिव व मुन्ना सिंह देवेश को संगठन मंत्री बनाया गया। इस दौरान सूबेदार सिंह, अंतरराष्ट्रीय पहलवान केशव सिंह, शत्रुधन शाही, अनिरुद्ध सिंह, योगेंद्र प्रताप शाही, जयनारायण सिंह, परमहंस सिंह, भूपेंद्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, विजय सिंह, राम प्रताप सिंह, संजय सिंह, राधेश्याम सिंह, अनिल सिंह, भानु प्रताप सिंह, अशोक सिंह, हरेराम सिंह आदि मौजूद रहे।