बगैर रजिस्ट्रेशन वाले दो डेंटल अस्पताल सील
भलुअनी एक क्लीनिक संचालक को दिया नोटिस, मची रही खलबली
कमिश्नर तक पहुंची शिकायत तो ज्वलशील डायरेक्टर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। फर्जी तरीके संचालित हो रहे दो प्राइवेट अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। एक डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दिलचस्प बात यह है कि जिले में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे अस्पतालों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं है। कमिश्नर के पास शिकायत पहुंचने पर टीम सक्रिय हो रही है तब कार्रवाई हो रहा है।
शहर के स्टेशन रोड में डेंटल केयर सेंटर चलता है, अस्पताल के बाहर डॉ. नदीम और डॉ. सहाना का बोर्ड लगा है। मो. ताहिर ने कमिश्नर के यहां बिना रजिस्ट्रेशन अस्पताल संचालित होने की शिकायत किया था। इसे गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने जेडी को जांच का निर्देश दिया। शुक्रवार को ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. एके चौधरी और एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम डेंटल अस्पताल पर पहुंची। टीम को देख डॉक्टर खिसक गया। मौजूद वर्करों ने कोई कागजात नहीं दिखाया। अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं भलुअनी में डॉ. बीएस यादव दांत का अस्पताल चला रहे थे। इनका भी रजिस्ट्रेशन नहीं था। इनका भी अस्पताल सील किया गया। इसी चौराहे पर क्लीनिक चला रहे डॉ. काशीनाथ को नोटिस दिया गया। टीम के सक्रिय होने से अवैध तरीके अस्पताल संचालकों में हलचल मची रही। इस बाबत एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे दो डेंटल अस्पतालों को सील किया गया। वहीं एक क्लीनिक की जांच में खामियां मिलने पर नोटिस दिया गया।