फोटो समाचार...
1591 बच्चों ने छोड़ी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा
प्रथम पाली में 1226 और द्वितीय में 365 अनुपस्थित रहे
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। यूपी पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 23 केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हो गई। दो पालियों की परीक्षा में 1591 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रों पर सुरक्षा बल मुस्तैद रहे। कॉपियों को सीलकर मूल्यांकन केंद्र भेज दिया गया है।
प्रथम पाली में सुबह नौ बजे से 19 केंद्रों पर परीक्षा आरंभ हुई। इसमें कुल 9088 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, मगर 6862 ही उपस्थित रहे। 1226 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में अपराह्न ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक चार केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 1832 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 365 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए जोनल मजिस्ट्रेट और आब्जर्वर की तैनाती की गई थी। उनकी टीमें लगातार केंद्रों का भ्रमण करतीं रहीं। राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य जीबी सिंह ने बताया कि कुल 23 केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई है। दोनों पॉलियों में 10920 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1591 अनुपस्थित रहे। कॉपियों को कड़ी सुरक्षा में सील कर मूल्यांकन केंद्र के लिए भेजा जा रहा है।