तरकुलवा में अल्ट्रासाउंड सेंटर से कब्जे में ली गई प्रतिबंधित अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ एसीएमओ डॉ.सुरेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
देेवरिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को तरकुलवा क्षेत्र में पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान तीन केंद्र अनधिकृत रुप से संचालित होते मिले। एक केंद्र पर प्रतिबंधित छोटी मशीन का इस्तेमाल हो रहा था। मशीन सीज करते हुए टीम अपने साथ ले आई। संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। अन्य दोनों केंद्रों के संचालकों को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है।
एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम श्री कृष्णा अल्ट्रासाउंड सेंटर तरकुलवा पहुंची। केंद्र बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था। मंटू साहनी नामक शख्स एसीएमओ को धक्का देकर भाग गया। टीम ने मौके से प्रतिबंधित अल्ट्रासाउंड मशीन कब्जे में लिया। केंद्र को सील करते हुए टीम एनहम क्लीनिक पर पहुंची। यहां जांच में केंद्र संचालक दस्तावेज नहीं पेश कर सका। इसके बाद एसीएमओ एचएस पैथोलॉजी पहुंचे। यहां भी मौके पर कोई कागजात नहीं दिखाया जा सका। दोनों संचालकों को नोटिस देते हुए जवाब मांगा गया। एसीएमओ ने बताया कि अल्ट्रासाउंड की छोटी मशीन प्रतिबंधित कर दी गई है। केंद्र पर इस मशीन का इस्तेमाल हो रहा था। इसे सीज करते हुए जब्त कर लिया गया है। संचालक के विरुद्ध केस दर्ज कराने के लिए कोर्ट में पत्रावली पेश की जाएगी।