देवरिया। सड़क हादसे में सोमवार की रात घायल भलुअनी गांव निवासी सैलून संचालक श्यामबिहारी की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। श्यामबिहारी बेटे की शादी की खरीदारी के लिए जा रहे थे। हादसे से घर में मातम छा गया।
भलुअनी थानाक्षेत्र के जरार रमन गांव निवासी श्याम बिहारी (45) की भलुअनी चौराहे पर सैलून की दुकान है। सोमवार को उनके बेटे चंदन की हल्दी रस्म थी। रात को कोई सामान खरीदने वह चौराहे पर जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया। श्याम बिहारी को जिला अस्पताल से रेफर किया गया था। बेटे चंदन की आज बारात जानी थी। लेकिन हादसे के चलते घर में मातम का आलम है। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारवालों को सौंप दिया गया है।
जानी थी बेटे की बरात, उठी पिता की अर्थी
भलुअनी। क्षेत्र के जरार रमन गांव में बेटे के बारात की जगह पिता की अर्थी निकली। इसे देख गांववालों के साथ ही शादी में शामिल होने आए रिश्तेदारों की आंखें नम थी। शादी वाले घर में शहनाई की जगह मातम छाया हुआ था। श्यामबिहारी के पुत्र चंदन कुमार शर्मा की शादी पैकौली के विशुनपुरा गांव निवासी श्रीराम शर्मा की पुत्री गुड़िया से होनी है। मंगलवार को बरात जानी थी। घर पर रिश्तेदारों का जमावड़ा हो गया था। लेकिन श्यामबिहारी के हादसे में मौत से परिवार में चीखपुकार मची है। श्यामबिहारी की मौत से बेटे पंकज, चंदन, पुत्री चांदनी, मनीषा, वंदना और अन्य का रो-रो कर बुरा हाल है।