महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में आयोजित श्री राणी सती दादी के मंगल पाठ के दौरान भजन पर झुमते भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। मंगसिर महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को श्रीराणी सती दादी सेवा समिति की ओर से धूमधाम से मंगल पाठ का आयोजन किया गया। महिला साधकों ने लाल चुनरी ओढ़कर पूरे भक्ति भाव से दादी का गुणगान किया। बीच-बीच में श्रद्धालुओं के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो उठा।
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परिसर में दादी का दरबार भव्य तरीके से सजाया गया था। मौके पर छप्पन भोग व सवामनी प्रसाद का भोग लगाया गया। ज्योति प्रज्ज्वलित करने के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। हरियाणा के भिवानी से आईं गायिका मुस्कान राणीसतिया ने मंगल पाठ की शुरुआत की। राजस्थानी परिधान में लाल चुनरी ओढ़ बैठी 251 महिलाओं ने दादी के जीवन पर आधारित पाठ को दोहराया। कोलकाता से आए गंगा भैया म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने दादी के जीवन प्रसंगों पर आधारित नृत्य नाटिका व डांडिया प्रस्तुत कर सभी लोगों को जयघोष करने और झूमने पर मजबूर कर दिया। अंत में महाप्रसाद कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष अमर अग्रवाल, प्रदीप केडिया, अनूप कानोडिया, शरद अग्रवाल, पुरुषोत्तम मरोदिया, परमेश्वर जोशी, मुुरारी खेतान, प्रेम अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, मनोज गोयल, कृष्ण कन्हैया अग्रवाल, लालू केडिया, नीता जाखोदिया, सीमा झुनझुनवाला, ममता जाखोदिया, नुपूर अग्रवाल, रेनू झुनझुनवाला, मीनू सरावगी, कोमल अग्रवाल, सोनू झुनझुनवाला आदि मौजूद रहे।