बरहज घाट पर सीढ़ियों तक पहुंचा नदी का पानी
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद घाघरा के जलस्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है। नदी का पानी घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। घाट पर बने गेज स्थल पर गुरुवार को नदी का जलस्तर 63.10 मीटर रिकॉर्ड किया गया। नदी खतरे के निशान से करीब साढ़े तीन मीटर नीचे बह रही है, मगर उसके उग्र तेवर और कटान से तटवर्ती इलाकों के लोग दहशत में हैं। घाघरा में अचानक आई तेजी से कुवाइच टोला, गौरा, कटइलवा सहित आधा दर्जन गांवों के लोग सहमे हैं। देवेश सिंह, शत्रुध्न सिंह, ज्ञानचंद, प्रमोद, नुरुल अंसारी आदि का कहना है कि विभाग इस बार बचाव के नाम पर एक धेला भी नहीं खर्च किया है। इस बार नदी में उफान आया और कटान बरकरार रहा तो गांवों के अस्तित्व पर खतरा आ सकता है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि बचाव आदि के लिए प्रशासन मुस्तैद है। विभागीय स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।