देवरिया। एसपी राकेश शंकर के तबादले की मांग को लेकर वकीलों ने सोमवार को रजिस्ट्री कार्यालय में ताला लगा दिया। इससे नववर्ष के पहले दिन रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित हुआ। उग्र तेवर देख कार्यालय का कोई कर्मचारी गेट खुलवाने का प्रयास नहीं किया। वकीलों ने चेतावनी दी कि एसपी के तबादले तक आंदोलन जारी रहेगा। मंगलवार से आंदोलन उग्र होने के आसार है।
19 दिसंबर को संपूर्ण समाधान दिवस के सदर तहसील के वकील डीएम से मिलने गए थे। वह साथ कन्हैया मिश्र की जमीन पर हुए कब्जा को खाली कराने की मांग कर रहे थे। बीच में एसपी कूद पड़े और वकीलों से भिड़ गए। इसके बाद से वकील एसपी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। वकीलों के आंदोलन में आग में घी डालने का काम तक हुआ जब तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नर्वदा चौहान और वकील कन्हैया मिश्र के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया। इसके बाद वकीलों उग्र अख्तियार कर लिया है। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता ने कहा कि मंगलवार तक डीएम यदि कोई समाधान नहीं निकाल पाते हैं तो वकील अगली कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र ने कहा कि वकीलों के आंदोलन को प्रशासन हल्के से न ले। इसके लिए आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजबांके तिवारी ने कहा कि कई दिनों से आंदोलन चल रहा है। प्रशासन के लोग चुप्पी साधे हैं। उन्हें यह नहीं पता कि जब वकील आक्रोशित होते हैं तो भूचाल आ जाता है। वकील संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह लड़ाई आर-पार की है। इस दौरान अखिलेशम्वर श्रीवास्तव, केशव प्रसाद गुप्त, अमरेश मणि, संतोष कुमार पाठक, गिरीश नारायण तिवारी, राधेश्याम पटेल, अरिवंद आर्य, राजीव त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
वकील के निधन पर जताया शोक
अधिवक्ता प्रेमप्रकाश श्रीवास्तव के निधन शोक सभा का आयोजन सोमवार को किया गया। वकीलों ने दो मिनट मौन धारण कर मृत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि दी। वह 89 वर्ष के थे। बेटे रविशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि 23 दिसंबर को इलाज के दौरान गुड़गांव के एक अस्पताल में अंतिम सांस लिया।
बार एसोसिएशन ने बनाई कमेटी
जिला बार एसोसिएशन कार्यकारिणी की बैठक संघ भवन में सोमवार को अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र की अध्यक्षता में हुई। एसपी के दुर्व्यवहार की निंदा की गई। इस मुद्दे पर ठोस निर्णय के लिए कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में पूर्व अध्यक्ष शेषनाथ तिवारी, लल्लन मिश्र, श्रीराम तिवारी, सुभाषचंद्र राव, कौशल किशोर पांडेय और सिंघासन गिरी शामिल हैं। कमेटी की बैठक मंगलवार को 1.30 बजे संघ भवन में होगी। इसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।