दीनानाथ पांडेय महिला पीजी कॉलेज में आयोजित मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम में उपस्थित छात्राए।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। इंद्रधनुष कार्यक्रम की सफलता के लिए दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं से इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं अपने-अपने घर के आसपास की एक गली को गोद लेकर टीकाकरण अभियान को सफल करने में सहयोग करें। मुख्य चिकित्साधिकरी प्रतिरक्षण डॉ. डीबी शाही ने कहा कि इंद्रधनुष कार्यक्रम का लक्ष्य ‘पांच साल, सात बार, छूटे न टीका एक भी बार’ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, उसी तरह यह कार्यक्रम भी चलेगा। डब्ल्यूएचओ की एसएमओ डॉ. विजया ने कहा कि इंद्रधनुष कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। यूनीसेफ के डीएमसी डॉ. सलीम ने छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया। छात्राओं को संचार के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा संचालित योजनाओं में से एक योजना है। इसके तहत 0 से 5 वर्ष के शिशु जो अभी तक टीकाकरण से वंचित रह गए हैं, ऐसे बच्चे का टीकाकरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0 से 5 वर्ष के बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह पाए। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलिका निगम, डॉ. उषा श्रीवास्तव, डॉ. अल्पना सिंह आदि मौजूद रहीं।