देवरिया। रामपुर कारखाना में सातवीं की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले प्रिंसिपल को बचाने मेें पुलिस लगी हुई है। आरोप हैं कि गुरुवार की दोपहर रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर पीड़िता के घर पहुंचकर सुलह और बयान बदलने का दबाव बनाने लगे। गांववालों के विरोध के बाद वे बैकफुट पर आए। सीओ सिटी ने इसे गलत बताते हुए निष्पक्ष तरीके से जांच की बात कही हैं।
हरिनारायण यादव इंटर कॉलेज पिपरा मदन गोपाल के प्रिंसिपल रमेश यादव ने सोमवार को सातवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ किया था। मंगलवार को पीड़िता और परिवार के लोग रामपुर कारखाना थाना पहुंचकर तहरीर दिए। पहले तो आरोपी प्रिंसिपल रमेश यादव सुलह के लिए दबाव बनाने लगा। पुलिस भी उसी के सहयोग में लगी रही। पीड़ित परिवार के न मानने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया, लेकिन दो दिन में उसकी गिरफ्तारी के लिए कोई प्रयास नहीं किया। बताया जा रहा है कि गुरुवार की दोपहर में रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर प्रभातेष कुमार पीड़िता के घर पहुंचे और बयान बदलने का दबाव बनाने लगे। जानकारी होने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। गांववालों का कहना था कि आरोपी की गिरफ्तारी के बजाए पुलिस पीड़ित पक्ष पर दबाव बना रही है। गांववालों के विरोध के बाद इंस्पेक्टर बैकफुट पर आ गए। इस मामले में उनसे बात करने की कोशिश की गई, तो उनका मोबाइल नहीं उठा। सीओ सिटी संदीप सिंह का कहना हैं कि इंस्पेक्टर ने यदि ऐसा किया है, तो यह पूरी तरह से गलत है। आरोपी प्रिंसिपल की गिरफ्तारी जल्द से जल्द होगी।