बरहज। तहसील दिवस में बिजली, सफाई और राशन कार्ड का मामला छाया रहा। बड़का गांव की छात्रा खुशबू गुप्ता ने वोटर कार्ड से वंचित होने की शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम ने एसडीओ, ईओ और आपूर्ति निरीक्षक को मिल रही शिकायतों को दूर करने की हिदायत दी। मंगलवार को एसडीएम अरुण सिंह की अध्यक्षता और विधायक सुरेश तिवारी की मौजूदगी में तहसील दिवस की कार्रवाई शुरू हुई। बड़का गांव की सरस्वती देेवी पत्नी काशीप्रसाद, कंचन लता पत्नी पारस, मंजू पत्नी राजेश, वीरेंद्र पुत्र रमेशर राशन कार्ड के लिए, बकुची के संजय बंद चल रहे आंगनबाड़ी, देईडीहा की चंपा देवी पत्नी श्रीपत प्रसाद जमीन पर विरोधी के कब्जा करने की शिकायत की। इस दौरान आए कुल 32 मामलों में राजस्व आठ, पुलिस चार, विकास नौ और अन्य 11 मामलों में मौके पर राजस्व के तीन मामलों का निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार वंशराज राम, नायब तहसीलदार सुनीता गुप्ता, सीओ वरुण मिश्र, एसडीओ शिवम नाथ तिवारी, अधिशासी अधिकारी अवधेश सिंह, एसएचओ सत्येंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।