सलेमपुर। प्लेटफार्म पर यात्री का सामान चोरी करते रंगे हाथों एक चोर को यात्रियों ने दबोच लिया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने चोर को थाने ले गई। इसके पहले तीन बार चोरी के आरोप में युवक जेल जा चुका है।
गाजीपुर जिले के खानपुर थाना के बौधा गांव निवासी प्रमोद मद्घेशिया गुरुवार की रात प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच नगर के भरौली वार्ड निवासी अमरजीत उनका बैग और मोबाइल लेकर भागने लगा। शोर करने पर यात्रियों ने भाग रहे चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया और धुनाई की। लोकल के होने के कारण चोर के पक्ष में लोग प्लेटफार्म पर पहुंच गए। कुछ देर बाद पहुंची जीआरपी उसे भटनी थाने लेकर चली गई। युवक के पास से बैग में रखा कीमती सामान और मोबाइल बरामद हुआ। इसके पूर्व तीन बार चोरी और एक बार एनडीपीएस एक्ट में युवक पर कार्रवाई हो चुकी है।
इन दिनों सलेमपुर स्टेशन पर पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात सिपाहियों के नहीं रहने के कारण की स्टेशन पर चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। यहां तैनात एक सिपाही की ड्यूटी सहारनपुर कावड़ यात्रा में लगा दिया गया है। वहीं अन्य दो सिपाही रात को यहां पर मौजूद नहीं रहे। इस बाबत जीआरपी एसओ राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि पकड़ा गया चोर शातिर है। इसे जेल भेज दिया गया है।