बनकटा/प्रतापपुर। रात में अचानक फायरिंग होने से तरावीय पढ़ रहे रोजेदार सहम गए। हिम्मत जुटाकर लोगों ने फायरिंग करने वाले युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पीटकर रस्सी से बांध दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को थाने लेकर चली आई। इसके पास से पिस्टल और मैगजीन बरामद हुआ है। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
बनकटा थानाक्षेत्र के मिश्रौली के जमनटोला में मंगलवार की रात करीब नौ बजे रोजेदार मस्जिद में तरावीय का नमाज पढ़ रहे थे। इस दौरान गांव में एक चार पहिया वाहन आया और कुछ देर रुकने के बाद चला गया। संदेह होने पर लोग उधर गए तो मक्के के खेत से फायरिंग होने लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर मस्जिद में तरावीय पढ़ रहे रोजेदारों में अफरा-तफरी मच गई। बावजूद इसके गांववाले एकजुट होकर रात करीब 9.30 बजे फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ लिया। इससे नाराज लोगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की। रात करीब 1.30 बजे बनकटा और खामपार की पुलिस गांव में पहुंची और घायल युवक को हिरासत में ली। पुलिस ने इसकी पहचान गोपालगंज जिले के विजयपुर थानाक्षेत्र के मरहाघास गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह के रूप में की। धर्मेंद्र के पास से एक 32 बोर का पिस्टल और दो कारतूस मिला। पुलिस इस मामले में गांव के मो. नासीर की तहरीर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। बनकटा एसओ अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को कोर्ट में पेश किया गया। वहां न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। दबी जुबान चर्चा है कि प्रेमप्रसंग के मामले में युवक रात को आया था।