ईवीएम और वीवीपैट का हुआ द्वितीय रेंडमाइजेशन
अफसरों के अलावा राजनीतिक दलों के लोग रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। लोकसभा का चुनाव सकुशल कराने के लिए ईवीएम और वीवीपैट का बूथवार द्वितीय रेंडमाइजेशन का कार्य शनिवार को सभी की मौजूदगी में एनआईसी में किया गया। चुनाव में पारदर्शिता बरकरार रखने पर जोर दिया गया।
सामान्य प्रेक्षक उत्तम कुमार पात्रा ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशानुसार चुनाव से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता जरूरी है। इसलिए राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों व प्रतिनिधियों की उपस्थिति में द्वितीय रेंडमाइजेशन कराया गया, ताकि बाद में कोई किसी तरह का आरोप न लगा सके। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। बूथ स्तर पर इतना पर्याप्त व्यवस्था किया गया है कि कोई मताधिकार से वंचित न रहने पाए और वह निर्भीक होकर अपना मताधिकार कर सके। इस दौरान एडीएम प्रशासन राकेश पटेल, सहायक निर्वाचन अधिकारी कैलाश भारती, उप निबंधक अभिषेक सिंह, बसपा से नीतीश कुमार, राष्ट्रीय लोकदल से वासुदेव, सपा से छेदीलाल यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से जोगिंदर चौहान, भारतीय आवाम एकता पार्टी से जयप्रकाश, भाजपा से अंगद मणि त्रिपाठी, निर्दल से मदन पाल सिंह आदि मौजूद रहे।