बालिका वर्ग में देवरिया का रहा दबदबा
कुश्ती प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय कुश्ती प्रतियोगिता शुक्रवार को श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज बाबू बंधी मठ में हुई। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दम दिखाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व प्रधानाचार्य व जिलाक्रीड़ा प्रभारी रमेश चंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण अंचल में ऐसे आयोजनों से कुश्ती के प्रति ग्रामीण अंचल के युवाओं का रुझान बढ़ेगा। प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के 45 किग्रा में बनकटा के अनूप यादव, 50 किग्रा में कृष्ण कुशवाहा भाटपाररानी, 55 किग्रा में शिव ध्यान, 60 किग्रा में खोरीबारी के संदीप, 65 किग्रा में खोरीबारी के ही रोहित ने बाजी मारी। 70 किग्रा में इमिलिया के विकास व 75 किग्रा में रुद्रपुर के सुरेंद्र यादव ने जीत दर्ज की। जूनियर वर्ग में अमित, धनंजय, विशाल, राममिलन, संदीप, मुकेश, वशिष्ठ ने अपने-अपने भार वर्ग के मुकाबले जीते। सब जूनियर में विशाल ने बाजी मारी। वहीं, बालिका वर्ग में देवरिया ग्रामीण की अनामिका, बबीता व देवरिया की सोनम पटेल, जागृति सिंह, रंजीता यादव, सुनिधि चौहान ने जीत हासिल की। कार्यक्रम के आयोजक प्रधानाचार्य अनिल सिंह ने अतिथियों का स्वागत और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्य टीनी सिंह ने किया। इस दौरान जितेंद्र सिंह, दिनेश मिश्रा, उदयभान मौर्य, माधव सिंह, मधुसूदन मणि त्रिपाठी, चंद्र भूषण सिंह ,अनिरुद्ध सिंह, विनय पांडेय, डॉ.रवींद्र राय, रमाकांत सिंह, जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे।