देवरिया। रामपुर कारखाना इलाके के जैतपुरा गांव के अवधेश चौहान का शव बुधवार की सुबह सड़क किनारे मिला। उसके गले पर चोट का निशान हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव मिलने की सूचना पर एसपी रामपुर कारखाना थाने पहुंचे।
रामपुर कारखाना के जैतपुरा गांव के बैजनाथ चौहान का बेटा अवधेश चौहान मंगलवार की दोपहर में भोजन करने के बाद घर से निकला और लौटकर नहीं आया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवारवालों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। परिवारवाले सोचे कि कहीं गया होगा और आ ही जाएगा। बुधवार की सुबह तक जब वह नहीं लौटा तो परिवारवालों को चिंता हुई। परिवारवालों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन पता नहीं चल सका। सुबह दूध बेचने जा रहे एक ग्वाले की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। उसके शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराया। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। शव मिलने की सूचना पर एसपी राकेश शंकर रामपुर कारखाना थाने पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक प्रभातेश श्रीवास्तव से घटना के बारे में जानकारी ली। एक-एक पहलू की जांचकर कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सूचना के बाद मौके पर गए थे। शव की शिनाख्त हो गई है। युवक के गले पर चोट के निशान थे। पिता बैजनाथ ने तहरीर दे दी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि अवधेश चौहान का पत्नी से विवाद चल रहा था। इसके चलते पत्नी अवधेश को छोड़कर कहीं चली गई। अवधेश माता-पिता के साथ रहता था। उसकी छह साल की बेटी किरन है जो यहीं रहती है।