सलेमपुर। प्रदेश सरकार जले ट्रांसफार्मर को 24 घंटे में बदलने का दावा कर रही है। विभागीय लापरवाही के चलते सरकार का दावा हवाहवाई साबित हो रही है। तीन दिन पहले जला ट्रांसफार्मर नहीं बदलने पर नाराज गांववालों ने बिजली विभाग के डिवीजन ऑफिस पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक के चांदपार गांव का 100 केवीए का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले जल गया। इसी ब्लॉक के बरठाबाबू और भरौली गांव का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले जल गया। इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज चांदपार गांव के लोग बुधवार को ग्राम प्रधान सुभाष बारी के नेतृत्व में बिजली घर पहुंचे। कार्यालय में एक्सईएन के नहीं मिलने से गांववाले उग्र हो गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिए। मामला बढ़ता देख जूनियर इंजीनियर रोहिताश कुमार ने समझा कर जल्द ट्रांसफार्मर लगवाने की बात कही। इसके बाद लोग शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान दीनानाथ शर्मा, चुन्नू यादव, शेखर गुप्ता, संदीप पटेल, विकास यादव, राम प्रदीप विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।