देवरिया। सदर कोतवाली के लाहिलपार के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पत्नी और बेटी का गंभीर हालात में जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
लाहिलपार गांव के उपेंद्र पुत्र सिंहासन की पत्नी मीरा की तबीयत खराब थी। शुक्रवार की सुबह वह मीरा और बेटी नेहा को बाइक पर बैठाकर किशुनपाली चौराहे पर किसी डॉक्टर के वहां उपचार कराने जा रहे थे। अभी वह गांव से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही छटपटाने लगे। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। एक्सीडेंट की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए। तीनों को जिला अस्पताल भेजवाया। यहां उपचार के दौरान उपेंद्र ने दम तोड़ दिया। पत्नी मीरा और बेटी नेहा की हालत गंभीर है। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। पत्नी और बेटी का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।