देवरिया। माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि द्वितीय किस्त का अविलंब भुगतान हो। शिक्षक और शिक्षणेत्तर के लिए सेवा नियमावली बनाई जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्रक डीआईओएस को दिया।
सोमवार को सुबह से बारिश हो रही थी। मौसम साफ नहीं होने की संभावना देख इंटर कॉलेजों में कार्यरत वित्तविहीन शिक्षक भींगते हुए डीआईओएस कार्यालय परिसर पहुंचे। कार्यालय के सामने बरामदा में धरना शुरू कर दिया। मंडल अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने मानदेय की व्यवस्था की है लेकिन वह नाकाफी है। 800 से 1000 रुपये में गुजर-बसर मुश्किल है। विभागीय मनमानी से वह रकम भी नहीं मिल रही है। इसके कारण शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है। जिलाध्यक्ष मुमताज अली ने कहा कि सम्मान जनक मानदेय के लिए लड़ाई जारी रहेगी। वित्तविहीन शिक्षकों और शिक्षणेत्तर के लिए सेवा नियमावली बनाई जाए ताकि भविष्य सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि द्वितीय किस्त का भुगतान नहीं हुआ है। इसका भुगतान अविलंब हो। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो 18 जुलाई को विधान भवन का घेराव करेंगे। इस दौरान श्रीनारायण यादव, प्रमोद मिश्र, अतीक अहमद, नथुनी गोंड, शमशेर अंसारी, राम प्रकाश मिश्र, प्रमोद शर्मा, राजीव कुशवाहा, ज्ञान प्रकाश आदि रहे।