अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर जिला उद्योग बंधु की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर मंगलवार को विकास भवन के गांधी सभागार में वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न योजनाओं के 330 लाभार्थियों के बीच 13.46 करोड़ के ऋण वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोक भवन लखनऊ में आयोजित मेगा शो का सजीव प्रसारण स्थानीय उद्यमियों व व्यापारियों के समक्ष किया गया। जिले स्तर पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद ऋण योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, नारी शक्ति मिशन व अन्य योजनाओं में 330 लाभार्थियों के मध्य विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण वितरित हुआ। इस दौरान जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार के उद्यमियों की समस्या पर विचार किया गया। विगत दिनों प्रदेश में हुए इंवेस्टर्स समिट में प्रतिभाग किए निवेशकों के संबंध में विभागवार अनुश्रवण किया गया। इसमें से अब तक सभी विभागों को मिलाकर कुल 52 इकाइयां आगामी जीबीसी के लिए तैयार हो गई हैं। कार्यक्रम में उद्यम पंजीयन के प्रगति की समीक्षा की गई। लक्ष्य पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में 16 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने ऋण स्वीकृत संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक करुणेश, आईआईए के अध्यक्ष जेपी जायसवाल, सीआईए के अध्यक्ष शक्ति गुप्ता, रवींद्र प्रताप मल्ल आदि मौजूद रहे।