छात्रों ने खत्म किया अनशन, बांटी मिठाई
स्टे ऑर्डर को बताया पहली जीत, कॉलेज का नाम दर्ज न हुआ तो फिर होगा संघर्ष
बीआरडीपीजी कॉलेज प्रकरण, चार दिनों से चल रहा था अनशन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बीआरडीपीजी कॉलेज प्रकरण में चार दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन शनिवार को स्थगित हो गया। जमीन वापस लेने संबंधी आदेश पर स्टे को अपनी पहली जीत बताते हुए छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए जमीन का आवंटन पूर्ववत करते हुए इसे खतौनी में दर्ज कराने की मांग की।
छात्रसंघ अध्यक्ष जयसिंह यादव ने कहा कि एसडीएम की मनमानी के विरोध में छात्र, अधिवक्ता सहित विभिन्न प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के आंदोलन के बाद प्रशासन हरकत में आया। एकजुट संघर्षों के कारण ही उन्हें बैकफुट पर आकर स्टे ऑर्डर जारी करना पड़ा। यह कॉलेज छात्रों की पहली जीत है, लेकिन पूर्व की तरह कॉलेज के नाम पर जमीन होने तक लड़ाई जारी रहेगी। अगर प्रशासन इसमें कोई हीलाहवाली करता है तो आंदोलन दोगुनी ऊर्जा के साथ फिर से शुरू होगा। छात्रों ने बीआरडीपीजी कॉलेज को कृषि विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए पुरजोर पैरवी की मांग की। साथ ही कॉलेज प्राचार्य व छात्रों पर दर्ज 107/16 की कार्रवाई को भी वापस लेने को कहा। इस मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष अभिषेक यादव, अरविंद गिरी, पूर्व पालिका अध्यक्ष रामायण राव, व्यास यादव, डॉ. चतुरानन ओझा, तस्लीम मलिक, राधेश्याम शुक्ला, श्रवण शर्मा आदि मौजूद रहे।