देवरिया। घर से गायब हुई नन्ही परी की तलाश में जहां घरवाले परेशान थे। वहीं सड़क पर भटक रही बच्ची कम्युनिटी पुलिसिंग के हाथ लग गई। घंटों तलाश के बाद घरवालों को इसकी जानकारी हुई। एसपी कार्यालय पहुंचे घर वाले आईडी प्रूफ दिखाने के बाद बच्ची को साथ ले गए।
बैतालपुर की रहने वाली सबिता अपने परिवार के साथ बांस देवरिया में किराए की मकान में रहती है। शनिवार को सुबह वह घर के अंदर काम में व्यस्त थी। इसी बीच उसकी मासूम बेटी परी घर से निकल गई और भटकते हुए कचहरी चौराहे पर चली आई। नगर पालिका के सफाईकर्मियों की नजर पड़ी तो वह भटनी हुई बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना के कुछ देर बाद कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिटी के प्रभारी विजय श्रीवास्तव पहुंचे और बच्ची को अपने कब्जे में लिए। बच्ची सिर्फ रो रही थी और कुछ बता नहीं पा रही थी। एक घंटे तक टीम ने पोस्टमार्टम चौराहे, अस्पताल, सुभाष चौक आदि स्थानों पर बच्ची को लेकर भ्रमण किया। लेकिन कोई बच्ची का जानने वाला नहीं मिला। उधर घरवाले लापता बच्ची को लेकर परेशान रहे। बच्ची के कम्युनिटी पुलिस के पास होने की जानकारी घरवालों को हुई तो वह पुलिस से संपर्क कर एसपी कार्यालय पर पहुंचे और बच्ची को घर ले गए। इसके पूर्व भी कई लोगों को इस टीम के जरिए सहयोग मिल चुका है।