खुखुंदू। चार हिंदू परिवार को ईसाई धर्म से जोड़ने का मामला शनिवार को भी छाया रहा। इंटेलिजेंस ब्यूरो और एलआईयू की टीम ने गांव में पहुंचकर अनीता देवी सहित अन्य परिवार के सदस्यों से काफी देर तक पूछताछ की। इंटेलिजेंस ब्यूरो टीम की निगाह अब धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने वाले लोगों पर टिकी है।
खुखुंदू के पइलहां टोले में गुरुवार की रात ईसाई धर्म के प्रचारकों को देख ग्रामीण आगबबूला हो गये थे। जांच पड़ताल में जब चार परिवार के सदस्यों को ईसाई धर्म स्वीकार करने की बात सामने आई तो लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस भी छानबीन में जुट गई। मामला हाईलाइट होने पर शनिवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो और एलआईयू की टीम ने भी खुखुंदू के पइलहां टोला में डेरा डाल दिया। इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने अनीता देवी और उसके पति ओमप्रकाश गुप्ता से पूछताछ किया तो उसने चर्च जाने की बात स्वीकार की। बताया कि वह बराबर बीमार रहती थी। चर्च में जाने पर ठीक हो गई। इसके बाद पूरा परिवार ईसाई धर्म पर विश्वास करने लगा। अन्य परिवार से भी पूछताछ की गई। सभी ने चर्च में जाने की बात पर हामी भरी। अब इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम की पैनी नजर रात के अंधेरे में गांव में आने वाले ईसाई धर्म के अनुयायी और धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने वाले प्रचारकों पर टिकी है। इंटेलिजेंस टीम अब नजदीक के चर्च में भी जाकर जानकारी जुटाएगी। साथ ही खुखुंदू के पइलहां टोले की निगरानी भी करती रहेगी।