देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले की कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति का जायजा लिया। सूत्र बताते हैं कि देवरिया जिले में हो रहे ताबड़तोड़ अपराध से सीएम नाखुश थे। विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर भी नाराजगी जताई।
बुधवार की शाम पांच से कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी भवन में शुरू हुआ वीडियो कांफ्रेंसिंग साढ़े सात बजे तक चलता रहा। मुख्य सचिव से लगायत शासन के आलाधिकारियों ने 15 बिंदुओं पर जिले के अधिकारियों से पूछताछ की। बीच-बीच में मुख्यमंत्री भी वीडियो कांफ्रेंसिंग पर कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर पूछताछ करते रहे। सूत्र बताते हैं कि हाल-फिलहाल जिले में हुए बड़े अपराधों का सीएम के पास आकड़ा था। वे एक-एक अपराध को लेकर एसपी राजीव मल्होत्रा से पूछताछ की। केस में हुई प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। डीएम सुजीत कुमार से विकास के बारे में पूछा। भाजपा के संकल्प पत्र के आधार पर अब तक हुए कार्यों का ब्योरा मांगा। सूत्र बताते हैं कि डीएम मुख्यमंत्री के कई सवालों पर अटक गए। मुख्य सचिव ने डीएम को हिदायत देते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव आदि अधिकारियों ने जिले के हालात का जायजा लिया।