रामपुर कारखाना। जमीन की रजिस्ट्री कराने जा रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दो अन्य लोगों के साथ एक बाइक पर सवार होकर जिला मुख्यालय जा रहा था। एक कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को एक बजे बरईपुर लाला के 62 वर्षीय महातम यादव एक जमीन की रजिस्ट्री कराने जिला मुख्यालय बाइक से जा रहे थे। उनके साथ बघड़ा महुआरी के रविंद्र चौहान और पचरूखिया के विनोद राय भी थे। बाइक सवार देवरिया-कसया मार्ग पर पुरुषोतमपुर गांव के पास ही पहुंचे थे। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने ठोकर मार दिया। हादसे के बाद बाइक करीब 100 मीटर तक कार में फंस कर घसीटती रही। मौके पर ही महातम यादव की मौत हो गई। जबकि रविंद्र और विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों लोगों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर मिलते महातम के घर मातम फैल गया।