रुद्रपुर। रात को विवाह समारोह में मजदूरी कराकर एक दुकानदार ने बाल मजदूरों को खदेड़ दिया। जब वह दुकानदार पर मजदूरी देने का दबाव बनाने लगे तो उसने मजदूरी के बदले में जनरेटर ले जाने को बोला। लड़के जब जेनरेटर लेकर गए तो दुकानदार कोतवाली में लड़कों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी। लड़कों ने कोतवाली में पहुंच कर आपबीत बताई तो दुकानदार के शोषण का मामला खुला।
बभवली बाईपास स्थित एक सजावट के दुकानदार ने पुलिस को दुकान से जेनरेटर चोरी होने की नामजद तहरीर दी। पुलिस नगर के भरटोला वार्ड के रहने वाले चारो लड़कों के घर पहुंची तो सब मजदूर नाबालिग निकले। गुरुवार को कोतवाली पहुंचे विशाल, अमित, रवि, छोटू ने बताया कि वह शादी समारोह में रोड लाइट ढोने का कार्य करते हैं। इसके एवज में दुकानदार उन्हें 200 रुपये देता है। तहरीर देने वाले दुकानदार के यहां उनकी करीब आठ हजार रुपये मजदूरी बची थी। दुकानदार मजदूरी नहीं दे रहा था। दबाव बनाने पर उसने जेनरेटर बेचकर आपस में रुपया बांट लेने को बोला। इस दौरान दुकानदार ने लड़कों पर जेनरेटर चोरी का आरोप लगा दिया। पुलिस के सामने पहुंचे दुकानदार ने नाबालिगों की मजदूरी नहीं दिए जाने की बात कबूली। कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लड़कों को उनकी मजदूरी दिलाई जाएगी। मामले में दोषी पर कार्रवाई भी की जाएगी।