देवरिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत जिले के ढाई लाख किसानों को लाभ मिलेगा। इसमें 1.90 लाख किसानों की फीडिंग का कार्य पूरा हो चुका है। पहले चरण में 1.04 लाख किसानों का डाटा मुख्यालय भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि इन किसानों को 24 फरवरी को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो हजार रुपये की पहली किस्त भेजेंगे। अन्य किसानों की फीडिंग का कार्य जोरों पर है। इसके लिए 450 कंप्यूटर ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई गई है।
केंद्र सरकार की किसान सम्मान योजना के तहत दो हेक्टेयर से कम जोत वाले किसानों को छह हजार रुपये वार्षिक देने का प्रावधान किया गया है। इसकी शुरुआत 24 फरवरी को प्रधानमंत्री गोरखपुर से करेंगे। केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजना के तहत पात्रों के चयन और सर्वे का काम जोरों पर है। हर जिले से पात्रों का डाटा मांगा गया है, जिसे अंतिम रुप से तैयार करते हुए मुख्यालय भेजा गया है। वहां से चयनित किसानों के खाते में दो हजार रुपये की पहली किस्त भेजी जाएगी। जिले से ढाई लाख किसान फिलहाल चिह्नित हुए हैं। एनआईसी कार्यालय में फीडिंग का कार्य चल रहा है। कंप्यूटर कम होने के कारण चार शिफ्टों में 450 कंप्यूटर ऑपरेटरों की ड्यूटी लगा है। अभी तक 1.90 लाख किसानों का डाटा फीडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसमें से 1.04 लाख किसानों का विवरण गुरुवार तक मुख्यालय भेज दिया गया। प्रथम चरण का डाटा फीडिंग का कार्य 22 फरवरी की देर शाम तक होना है। बचे हुए किसानों को द्वितीय और तृतीय चरण में लाभान्वित किया जाएगा। इस बाबत कृषि उप निदेशक डॉ. एके मिश्र ने बताया कि प्रथम चरण में ढाई लाख किसानों का डाटा फीडिंग कराने का लक्ष्य रखा गया है। शासन को 1.04 लाख किसानों की सूची भेज दी गई। इनके खाते में सम्मान निधि की पहली किस्त भी 24 फरवरी को पहुंच जाएगी। बाकी किसानों का 22 फरवरी के बाद सत्यापन रिपोर्ट भेजी जाएगी।
नहीं पहुंच पा रही थी सत्यापन रिपोर्ट
तहसील प्रशासन की उदासीनता के कारण एनआईसी कार्यालय तक सत्यापन रिपोर्ट समय से नहीं पहुंच पा रही है। इसकी वजह से फीडिंग का कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने बताया कि बीच में लेखपाल हड़ताल पर थे। इस कारण थोड़ी दिक्कत हुई थी। अब सत्यापन रिपोर्ट पहुंच रही है।
डाटा फीडिंग में पीछे है देवरिया
डाटा फीडिंग में तीन दिन पूर्व तक देवरिया काफी पीछे थे। दो दिन पूर्व हुई वीडियो कांफ्रेंसिग में प्रमुख सचिव ने लापरवाह अफसरों को हिदायत देते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। तब जाकर कुछ हद तक फीडिंग में सुधार हुआ है। गुरुवार को 75 जिलों में देवरिया का 31वां स्थान था।