देवरिया। नए शैक्षिक सत्र के लिए छात्रों से पुरानी पुस्तकें वापस ली जाएंगी। यह आदेश बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने दिया है। नई पुस्तकों के उपलब्ध होने तक यह अंतरिम व्यवस्था की गई है। बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश के बाद बीएसए ने सभी बीईओ से पुस्तकें वापस लेने का निर्देश दिया है।
वर्ष 2016 से परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से हो रही है। लगातार तीसरे साल भी बेसिक शिक्षा परिषद नए शिक्षण-सत्र की शुरुआत में छात्र-छात्राओं को निशुल्क पुस्तक उपलब्ध नहीं करा पाया है। 27 मार्च को बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने सभी बीएसए को आदेश दिया है कि कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं से पुरानी पुस्तकें वापस ले ली जाएं। इन पुस्तकों को नए शिक्षण-सत्र में छात्र-छात्राओं में वितरित कराएं। जब नई पुस्तकें उपलब्ध हो जाएंगी तो पुरानी पुस्तक उन छात्र-छात्राओं को लौटा दी जाएं, जिनसे ली गई है। बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश के बाद बीएसए उपेंद्र कुमार ने सभी बीईओ को पत्र लिखकर पुस्तकें वापस लेने का आदेश दिया है। फिलहाल विभाग ने यह अंतरिम व्यवस्था की है। बीएसए उपेंद्र कुमार का कहना है कि बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश के बाद सभी बीईओ से छात्र-छात्राओं से पुस्तकें वापस लेने का आदेश दिया है। जल्द ही सभी पुस्तकें वापस कराकर नए शिक्षण-सत्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में वितरित कर दिया जाएगा।