देवरिया। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी का उचक्कों ने बैंक से दो लाख रुपये उड़ा लिया। पासबुक प्रिंट कराने के बाद बैग कटा हुआ देख इसकी जानकारी हुई। बैंक में सुरक्षा घेरे के बीच हुई घटना से लोग दंग रह गए। लोगों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गोरखपुर के पिपराइच थानाक्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी इंदल प्रसाद देवरिया के रामपुर कारखाना थाने पर एचसीपी के पद पर कार्यरत थे। 31 जुलाई को वह सेवानिवृत्त हो गए। उनका राघवनगर स्थित एसबीआई में खाता है। सोमवार को वह घर से बैंक पहुंचे और दो लाख रुपये अकाउंट से निकासी किए। बैंक में रकम रखने के बाद पासबुक प्रिंट कराने के लिए कतार में लग गए। प्रिंट कराने के बाद बाहर निकले तो बैग कटा हुआ था और रुपये गायब थे। यह देख वह परेशान हो गए और इसकी शिकायत बैंक मैनेजर से की। बैंककर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उचक्कों को देखने का प्रयास किया, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। बैंक में मौजूद अन्य ग्राहक इस घटना से घबरा गए। लोगों ने बैंक पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। इंदल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। देर शाम तक पुलिसकर्मी कोतवाली में बैठा रहा। कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।