बनकटा थाने के पकड़ी खास गांव में गुरुवार की रात खाना बनाते समय लगी आग से पांच लोगों की 12 झोपड़ियां और उसमें रखे सामान जलकर राख हो गए। गांव के अलावा आसपास के खुरवसिया, रतसिया के लोगों ने पंपिंग सेट चला कर आग बुझाई। इस अग्निकांड में पीड़िताें का सब कुछ जलकर राख हो गया है।
रात में रामचंद्र के घर की महिला खाना पका रही थी। वह चूल्हे में गन्ने के पत्ते जला रही थी। इस दौरान अचानक तेज लपट से झोपड़ी में आग लग गई। देखते देखते आग दूसरी झोपड़ियों तक पहुंच गई।
आग में नंदजी पटेल और वीरेंद्र की दो-दो झोपड़ियां, लालजी की तीन और अमरनाथ की तीन झोपड़ियां और उसमें रखे कपड़ा, गहने, रुपये सहित लाखों के सामान जलकर राख हो गए।
गृहस्थी खत्म होने के बाद परिवारवालों में दुख का माहौल है। आग की घटना की जानकारी होने पर विधायक आशुतोष उपाध्याय गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद और दो दर्जन कंबल दिए। ग्राम प्रधान विंध्याचल पासवान ने प्रति परिवार 10-10 किलोग्राम गेहूं और चावल की आर्थिक मदद दी।
तहसील प्रशासन के निर्देश पर लेखपाल ने गांव में जाकर रिपोर्ट तैयार की।