केबल कटने से 12 घंटे गुुल रही मेडिकल कॉलेज की बिजली
बिजली नहीं होने से मरीजों को उठानी पड़ी परेशानी, पुलिस लाइंस के पास नाला खुदाई के समय कटा केबल
डिजिटल एक्स-रे व सीटी स्कैन रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस लाइंस के पास नाला निर्माण के कारण मंगलवार की रात केबल कटने से मेडिकल कॉलेज की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके कारण एक्स-रे और सीटी स्कैन कार्य प्रभावित हुआ। कुछ मरीज बिना जांच कराए लौट गए, जबकि अन्य जगहों पर जेनरेटर से आपूर्ति जारी रही।
बुधवार की सुबह कर्मचारियों ने भटवलिया उपकेंद्र से संपर्क साधा तो पता चला कि केबल कटने की वजह से आपूर्ति बंद है। करीब दो बजे बिजली निगम के कर्मचारियों के सहयोग से फिर से केबल ठीक होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इसके चलते मेडिकल कॉलेज के एक्स-रे, सीटी स्कैन सेंटर की मशीन जेनरेटर से न चल पाने के कारण दोपहर दो बजे तक ठप रहीं। मरीज सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे के लिए कतार में लगे।
एक्स-रे कराने आए साकेत नगर निवासी मारकंडेय दुबे ने बताया कि सुबह से लाइन में खड़े है। बिजली न होने के कारण एक्स-रे नहीं हो पाया है। दूसरे दिन आएंगे। रजला देवरिया खास की लालमुनी भी घुटने के दर्द से परेशान थीं। उन्हें खड़ा होने में दिक्कत थी। आपूर्ति बहाल होने पर इंतजार कर रहे 40 मरीजों का एक्स-रे किया।
पोर्टेबल एक्स-रे पर रही भीड़
बिजली आपूर्ति बाधित होने से डिजिटल ठप होने के कारण मरीजों की ओपीडी में स्थापित पोर्टेबल एक्स-रे कक्ष में मरीजों को भीड़ रही है। वहां 140 मरीजों का एक्स-रे किया गया। मरीजों को एंड्रॉयड मोबाइल पर फोटो खींच कर रिपोर्ट दी गई। कुछ लोगों के मोबाइल में फोटो साफ नहीं आने से उन्हें परेशान होना पड़ा। डिजिटल एक्स-रे मशीन ठप होने से स्पाइन, कूल्हा, सीने का एक्स-रे कराने वाले मरीजों को निराश होना पड़ा।
कोट
केबल कटने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे एक्स-रे व सीटी स्कैन कार्य बाधित रहा। बिजली आने पर जांच शुरू की गई। जितने मरीज थे उनकी जांच की गई। अन्य कार्य जेनरेटर से किए गए।
-डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस