लार। थाना क्षेत्र के खेमादेई गांव में रविवार दोपहर पराली जलाने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में जल रही पराली से निकली चिंगारी हवा के तेज झोंकों के साथ आसपास के खेतों में फैल गई और देखते ही देखते 12 बीघा में पकी हुई धान की फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गांव के लोगों ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अपने खेत में पराली जलाई जा रही थी, तभी अचानक हवा चलने लगी और चिंगारी उड़कर पास के खेतों में जा गिरी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
धान के खेत में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि राज गुरु सिंह, संजीव सिंह, पप्पू सिंह और जगत गुप्ता के खेत पूरी तरह से जलकर राख हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टी, मोटर और पाइप की मदद से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।