ब्लॉक प्रमुख पद के लिए बिके 119 पर्चे
देवरिया। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के लिए सरगर्मी बढ़ गई है। बुधवार को नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जनपद के सोलह विकास खंडों में 119 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। कुछ उम्मीदवारों ने कई सेट पर्चे खरीदे। भटनी में बीडीओ के विलंब से पहुंचने पर सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा किया। बृहस्पतिवार को पर्चा दाखिला होगा।
ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव को लेकर उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं। बुधवार को कई लोगों ने नामांकन पत्र कई सेट में खरीदा। भाटपाररानी ब्लाक में तीन लोगों ने पांच सेट, तरकुलवा में एक व्यक्ति ने तीन सेट, सदर विकास खंड में सात लोगों ने पंद्रह पर्चा खरीदा। इसमें पांच लोगों ने दो-दो सेट, एक व्यक्ति ने एक तथा एक व्यक्ति ने चार सेट में पर्चा लिया। भटनी ब्लाक में छह लोगों ने दस सेट में पर्चा खरीदा।
ब्लॉक बिके पर्चे
देसही देवरिया 5
भाटपाररानी 5
देवरिया सदर 15
सलेमपुर 6
भागलपुर 4
बरहज 5
बनकटा 7
लार 8
बैतालपुर 3
गौरीबाजार 6
भलुअनी 7
रुद्रपुर 24
पथरदेवा 4
रामपुर कारखाना 7
भटनी 10
तरकुलवा 3
सलेमपुर में 3 व भटनी में 6 दावेदारों ने खरीदा पर्चा
सलेमपुर। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए बुधवार को सलेमपुर ब्लॉक में प्रमुख पद के 3 दावेदारों ने पर्चे खरीदे। सीमा सिंह दो सेट, रागिनी सिंह तीन सेट व ज्ञानी देवी ने एक सेट पर्चा खरीदा। भागलपुर में मुन्नीलाल व रीमा देवी ने पर्चा खरीदा। भटनी में रनिया देवी, प्रियंका गिरी, रमाशंकर यादव, श्रीकांत यादव, अनूप कुमार राय, मानवेंद्र नाथ उर्फ गिरिधारी तिवारी समेत कुल 6 लोगों ने दस सेट पर्चा खरीदा। वहीं लार में अनुभा सिंह, विभा सिंह, अंकिता सिंह व श्वेता सिंह ने दो दो सेट पर्चा खरीदा।
रुद्रपुर 24 सेट बिका पर्चा
रुद्रपुर। ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए रुद्रपुर 24 सेट नामाकंन पत्रों की बिक्री हुई। बुधवार को ब्लाक मुख्यालय पर ब्लाक प्रमुख पद के लिए सपा समर्थित अनिता देवी ने दो सेट, भाजपा समर्थित ऊषा पासवान ने चार सेट, चंदा देवी ने चार सेट, संगीता देवी ने चार सेट, रीता देवी ने चार सेट, शोभा देवी चार सेट, मंजू देवी और इंदु देवी के समर्थकों ने एक एक सेट नामाकंन पत्र खरीदा। इस बाबत बीडीओ कार्तिकेय मिश्र ने कहा कि कुल 24 सेट नामाकंन पत्रों की बिक्री हुई है। पर्चा दाखिला आठ जुुलाई को नाम वापसी नौ जुलाई को मतदान और मतगणना 10 जुलाई को होगी।
बरहज-भलुअनी में प्रत्याशियों ने खरीदा 12 सेट पर्चा
बरहज। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पर्चा खरीद के दूसरे दिन बरहज और भलुअनी में छह प्रत्याशियों ने 12 सेट में पर्चा खरीदा। सुबह से ही पर्चा खरीद के लिए प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही लगी रही। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए वृहस्पतिवार को प्रत्याशी अपने-अपने पर्चे दाखिल करेंगे।
बुधवार को ब्लॉक खुलते ही पर्चा खरीद के लिए प्रमुख पद प्रत्याशियों के आनेे का सिलसिला शुरु हो गया। बरहज में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष यादव ने दो सेट में, जबकि दोपहर बाद भाजपा प्रत्याशी सीमा पासवान ने तीन सेट में पर्चा खरीदा। दूसरी ओर भलुअनी में मुन्नी देवी, शकुंतला देवी, छठ्ठू यादव ने दो-दो, जबकि उमेश यादव ने एक सेट में पर्चा खरीदा। पर्चा खरीद के लिए ब्लॉक में प्रत्याशियों और समर्थकों की गहमागहमी रही। एहतियात को लेकर बरहज और मदनपुर की पुलिस तैनात रही। जबकि एसडीएम संजीव कुमार यादव और सीओ देव आनंद हालात पर नजर बनाए हुए थे। एसडीएम ने बताया कि चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भाटपाररानी में तीन प्रत्याशियों ने 5 सेट में खरीदा नामांकन पत्र
भाटपाररानी। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए बुधवार को नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक हुई। यहां ब्लॉक प्रमुख पद महिला अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। बीडीओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तीन प्रत्याशियों ने पांच सेट में नामांकन पत्र खरीदा है। सोनमती पत्नी लक्ष्मण खरवार निवासी हरपुर दो सेट, निप्पू देवी पत्नी उपेंद्र लाखोपार दो सेट, प्रेमलता पत्नी गोगा निवासी खामपार ने एक सेट नामांकन पत्र खरीदा है।