11886 लोगों को दी गई वैक्सीन की खुराक
सदर विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष को भी लगा टीका
वैक्सीनेशन के लिए लगाई गई थीं 103 टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण अभियान तेज हो गया है। सोमवार को 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को 103 केंद्रों पर वैक्सीन की खुराक दी गई। जिला अस्पताल केंद्र पर सदर विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष ने वैक्सीन की डोज ली। जिला पुरुष व महिला अस्पताल केंद्र पर अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही। इन केंद्रों पर 4473 बुजुर्गों, 45 वर्ष के ऊपर के 6260, एक फ्रंटलाइन वर्कर ने प्रथम डोज और 1147 लोगों ने वैक्सीन की द्वितीय डोज ली। वैक्सीनेशन के लिए कुल 103 टीमें लगाई गई थीं। कुल लक्ष्य 16,340 के सापेक्ष 11,886 लोगों को टीका लगाया गया। कुल उपलब्धि 72.74 प्रतिशत रही।
आठ और नौ अप्रैल को होगा पत्रकारों का टीकाकरण
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया विशेष टीकाकरण अभियान के तहत आठ व नौ अप्रैल को पत्रकारों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगेगी। इसी दिन विभिन्न प्रतिष्ठानों के दुकानदार भी टीकाकरण करा सकते हैं। 10 अप्रैल को बैंक व बीमा कर्मचारी, 12,13 व 14 अप्रैल को स्कूल व कॅालेज के अध्यापक, 15 व 16 अप्रैल को बस, ऑटो रिक्शा चालक, रेहड़ी व पटरी दुकानदारों का टीकाकरण होगा। 17 व 19 अप्रैल को सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों को टीका लगेगा। 20 व 21 अप्रैल को अधिवक्ता व ज्यूडिशियल कर्मचारी और 22 व 23 अप्रैल को प्राइवेट कार्यालयों के अधिकारियों व निजी कर्मचारियों को वैक्सीन लगेगी। जो 45 वर्ष से ऊपर के लोग हैं वे इन तिथियों पर कोविड टीकाकरण अवश्य करा लें।