रामपुर कारखाना। सरकारी खाद्यान्न को ग्रामीणों ने कोटेदार के दरवाजे से पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने जांच के बाद खाद्यान्न को दूसरे कोटेदार को सुपुर्द कर दिया। जबकि घटना में शामिल वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा में साधन सहकारी समिति से उचित दर विक्रेता का दुकान निर्गत किया गया है। बुधवार की सुबह कोटेदार के दरवाजे पर सरकारी खाद्यान्न खोल कर दूसरे बोरे में पैकिंग की जा रही थी। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो पूछताछ करने लगे। इसके बाद कोटेदार से बहस होने लगी और ग्रामीणों को अपशब्द बोलने लगा।
सही जवाब न देने पर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सदर एसडीएम, जिला पूर्ति अधिकारी तथा रामपुर कारखाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर अधिकारी पहुंच गए और खाद्यान्न बरामद कर लिए। जांच के दौरान पता चला कि उक्त खाद्यान्न सरकारी है जो 118 बोरे में पैक किया गया था। अधिकारियों ने उक्त खाद्यान्न को रामपुर कारखाना नगर पंचायत के बरहमपुर स्थित डीडब्ल्यूसीसी की कोटेदार प्रियंका सिंह को सुपुर्द कर दिया, जबकि वाहन को रामपुर कारखाना पुलिस को सौंप दिया।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक विनीत कुमार मिश्रा ने बताया कि कोटेदार के दरवाजे पर 118 बोरा ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लदे खाद्यान्न को ग्रामीणों की सूचना पर बरामद किया गया है।