हियुवा के जिला संगठन में होगा बदलाव
हियुवा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिए संकेत
कहा: निष्ठावान व समर्पित कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। हियुवा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने जिला संगठन में शीघ्र ही बदलाव के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों के कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत के बाद संगठन ने यह निर्णय लिया है। प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार शीघ्र ही इसकी घोषणा होगी।
गुरुवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश प्रभारी ने जिले में निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करने और संगठन हित में निर्णय लेने के लिए उनके साथ संभाग प्रभारी राजेश्वर सिंह व मंडल प्रभारी विनय जायसवाल को संयुक्त रुप से जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन हित में पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें की जाएंगी। हियुवा की छवि खराब करने वालों पर कार्रवाई होगी तो निष्ठावान व पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान भी बढ़ाया जाएगा। हियुवा की भावी योजनाएं बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। हियुवा जिले के सभी ब्लॉकों से 5-5 गांवों को गोद लेगी और वहां प्रत्येक लाभार्थी तक विकास योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कराएगी। कार्यकर्ता जनसमस्याओं पर ध्यान दें और प्रत्येक ब्लॉक में कार्यकर्ता सम्मेलन, दलित बस्तियों में सहभोज के आयोजन करें। बेहतर कार्य करने वाले ब्लॉक में प्रदेश इकाई के पदाधिकारी भी भ्रमण करेंगे। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मुन्ना राय, उपाध्यक्ष अमित मोदनवाल, नीरज श्रीवास्तव, महामंत्री सुरेंद्र चौरसिया आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।