फोटो समाचार...
------------------
नगर भ्रमण पर निकले खाटू श्याम, उमड़ी भीड़
- 56 भोग और 108 अखंड दीप से हुई आरती
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। जयनगर स्थित विंध्यवासिनी मंदिर परिसर से खाटू श्याम जी महाराज और राधा-कृष्ण की झांकी निकाली गई। प्रभु के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने 108 अखंड दीप से आरती उतारी। 56 व्यंजनों का भोग लगाया।
मंदिर परिसर में करीब 14 वर्ष से पावन धाम कमेटी की ओर से जन्माष्टमी पर श्री खाटू श्याम जी महाराज और राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित की जाती है। छह दिन तक चलने वाले आयोजन में भक्तों की भीड़ रहती है। शुक्रवार को 56 भोग के साथ आरती उतारने के उपरांत प्रभु की झांकी निकाली गई। मंदिर परिसर से तहसील, अटल तिराहा, मुख्य चौक, बस स्टेशन होते हुए थाना घाट पहुंची। जुलूस में चल रही महिलाएं मंगलगीत गा रही थीं, वहीं डीजे की धुन पर युवाओं की टोली थिरक रही थी। खाटू श्याम जी महाराज के जयघोष से नगर भक्तिमय हो गया था। इस दौरान विजय कुमार, आनंद मिश्र, रामकृपाल विश्वकर्मा, मैनेजर मद्धेशिया, मनोज प्रजापति, बबलू, अर्जुन, ऋषिकेश, राजन, कृष्णा और वीरेंद्र आदि उपस्थित रहे।