प्रतापपुर। बनकटा थाना के ग्राम बैकुंठपुर में शनिवार को विवादित भूमि पर एक पक्ष की ओर से निर्माण कराने को लेकर दो पक्ष असलहों के साथ आमने-सामने हो गए। सूचना पर सर्किल के सभी थानों की पुलिस और सीओ पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ, नहीं तो सरौरा कांड जैसी घटना की पुनरावृत्ति हो सकती थी। निर्माण कार्य रोक कर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव के लोगों को कहना हैं कि बैकुंठपुर में पट्टे की विवादित भूमि को एक पक्ष ने बैनामा करा लिया है। दूसरे पक्ष ने वाद दाखिल कर रखा है। मुकदमा दीवानी न्यायालय और जिला मजिस्ट्रेट के यहां चल रहा है। शनिवार को एक पक्ष की तरफ से असलहों के साथ निर्माण कार्य कराया जाने लगा। यह देखकर दूसरा पक्ष भी समर्थकों के साथ पहुंच गया। सूचना पाकर सीओ बनकटा, खामपार और भाटपाररानी थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इसके बाद निर्माण कार्य रुकवाकर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ ने बताया कि पहले ही दोनों पक्षों पर शांति भंग का मुकदमा कायम किया जा चुका है। मौके पर किसी पक्ष से असलहा बरामद नहीं हुआ है। मौके पर पुलिस बल की तैनात की गई है।