देवरिया। बिजली कटौती से उपभोक्ता शनिवार को जूझते रहे। इमरजेंसी कटौती के चलते लोग हलकान रहे। केबल फॉल्ट के चलते अलीनगर में बिजली गुल रही। उमस और गर्मी ने दिक्कतों को बढ़ा दिया।
शनिवार को सुबह 6.30 बजे इमरजेंसी कटौती से सब स्टेशन की बिजली बाधित हो गई। इसके चलते रामलीला मैदान, नाथ नगर, भटवलिया और पुरवा चौराहा सब-स्टेशन से जुड़े शहर के सभी मोहल्लों के लोग परेशान हो गए। मॉर्निंग वॉक से घर लौटे लोग गर्मी से बेहाल हो गए। स्कूल के लिए बच्चों को तैयार करने में मम्मियां परेशान हो गईं। हैंडपंप के पानी से बच्चों को नहलाया। इसके बाद किसी तरह बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा। दिन में 11 बजे भी बिजली गुल हो गई। सूरज की तपिश से लोग घरों से बाहर नहीं निकले। इसके चलते भुजौली कॉलोनी, न्यू कॉलोनी आदि आवासीय इलाकों में सन्नाटा दिखा। दोपहर दो बजे के बाद कई बार बिजली गुल हुई। घरों में आराम फरमा रहे लोग गर्मी से परेशान हो गए। उधर, अलीनगर केबल फॉल्ट होने से कई घंटे तक बिजली गुल रही। जेई अमित प्रताप सिंह ने जुगाड़ के जरिए केबल को ठीक कराया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।