देवरिया। खेत में काम करने गए एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार की सुबह ही वह काम करने के लिए खेत में गया था। बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के रामपुर जगदीश गांव के गुलबदन जायसवाल बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे के करीब साइकिल से अपने खेत में काम करने गए। दोपहर तक वापस नहीं लौटे तो घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की। गांव के लोग भी देर शाम तक खोजते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। खेत के मेड़ पर साइकिल और हवाई चप्पल मिल गया। देर शाम को बड़े बेटे रंजीत जायसवाल ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी। बृहस्पतिवार की सुबह उसी खेत में अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि हो सकता है खेत में सांप ने डंस लिया हो, कुछ का कहना है कि हृदयगति रुकने से मौत हुई होगी। परिवारवालों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने कहा कि गुमशुदगी की तहरीर नहीं मिली थी। शव मिलने की भी जानकारी किसी ने नहीं दी है।