देवरिया। सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा की शुरुआत सोमवार से हुई। यह पखवाड़ा आठ जुलाई तक चलेगा। नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने शुभारंभ किया। कहा गया, डायरिया की शिकायत होने पर तुरंत ओआरएस घोल का इस्तेमाल करना चाहिए। भाजपा के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि कार्यक्रम के प्रति अधिकारी और कर्मचारियों को जागरूक रहने की जरूरत है। अलका सिंह ने कहा कि समय से इलाज के अभाव में पहले बहुत से बच्चों की डायरिया से मौत हो जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इस रोग के लिए ओआरएस घोल तथा जिंक टेबलेट कारगर औषधि है। सीएमओ डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि इसके लिए 12 दिन की कार्ययोजना बनाई गई है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए 0-5 तक के बच्चों के परिवारों को चिह्नित किया जाएगा। इस दौरान एएनएम घर-घर जाकर ओआरएस पैकेट का वितरण करेंगी।