देवरिया। कांग्रेस के प्रांतीय चुनाव अधिकारी किशोर उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ता एक मजबूत कड़ी है। उनकी बदौलत पार्टी सशक्त होती है। पार्टी के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। लोकतांत्रिक संगठन है। कार्यकर्ता चुनाव में प्रतिभाग कर बड़े पद पर पहुंच सकते हैं। वह मंगलवार को टाउनहाल स्थित कार्यालय में पार्टीजनों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा कि कांग्रेस को ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, ब्लॉक और जिला इकाई पर सशक्त बनाना है। चुनाव अधिकारी किशोर ने कहा कि जनता की आवाज बनने के लिए एकजुटता जरूरी है। कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की सरकार हर मुद्दे पर असफल है। देश के किसान आंदोलित हैं। बावजूद इसके भाजपा सरकारों पर कोई असर नहीं है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं बढ़ गई हैं। भ्रष्टाचार समेत अन्य अपराध रोज नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि किसान और युवाओं को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ता तैयार हैं। इस दौरान अजय शर्मा, सुयश मणि त्रिपाठी, बिस्मिल्लाह मुन्ना लारी, रामजी गिरि, ऋषिकेश मिश्र, रमाशंकर यादव, हीरानंद राय आदि मौजूद रहे।