मेडिकल कॉलेज में ही चलेगा मैटरनिटी विंग
अस्पताल संचालन से नोएडा के एचएलएल कंपनी ने खींचा हाथ
करोड़ों की लागत से बनकर तैयार है बिल्डिंग, नहीं खरीदे गए उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। मेडिकल कॉलेज शिलान्यास के बाद ही 100 बेड का बना मैटरनिटी विंग शुरू होगा। हिंदुस्तान लेटेक्स लिमिटेड पूजापुर नोएडा (एचएलएल) कंपनी ने इसके संचालन से हाथ खड़ा कर लिया है। करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई बिल्डिंग की निगरानी कार्यदायी संस्था करेगी।
जच्चा-बच्चा या गर्भवती महिलाओं की ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर महिला अस्पताल से इलाज के लिए गोरखपुर रेफर करना पड़ता था। इसके लिए 19.98 करोड़ की लागत से 100 बेड का मैटरनिटी विंग बना। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड ने भवन का निर्माण करा हैंडओवर कर दिया है। स्वीकृत धनराशि में ही चार करोड़ के उपकरण खरीदने थे। इसके संचालन की जिम्मेदारी एचएलएल कंपनी को मिली। आठ माह पूर्व कंपनी के वर्कर आए और सर्वे किए। इसी बीच जिला अस्पताल को उच्चीकरण कर मेडिकल कॉलेज निर्माण की सौगात मिल गई। इसके बाद नोएडा की कंपनी मैटरनिटी विंग के संचालन से इनकार कर दिया और उपकरण भी आज तक नहीं खरीदे जा सके। बिल्डिंग की रखवाली कार्यदायी संस्था के वर्कर कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होने के बाद मैटरनिटी विंग शुरू होगा। जिस कंपनी को जिम्मेदारी मिली थी। उसने संचालन से मना कर दिया है।
फोटो समाचार...
सांसद ने अस्पताल का निरीक्षण किया
अस्पताल के सुंदरीकरण में दिए थे पांच लाख
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। कायाकल्प योजना में जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का चयन हो गया है। इसकी ग्रेडिंग होनी अभी बाकी है। गुुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद कलराज मिश्र ने अस्पतालों का भ्रमण कर जायजा लिया। अस्पताल को चमकाने में पांच लाख रुपये सांसद निधि से भी खर्च हुए हैं।
डीएम अमित किशोर और स्वास्थ्य महकमा के प्रयास से महिला अस्पताल और जिला अस्पताल को चकाचक बना दिया गया है। लाखों रुपये खर्च कर फूल और दिल्ली से मांगाकर घास लगवाई गई है। कई विभागों के सहयोग से अस्पताल को बेहतर बनाया गया। इसमें सांसद कलराज मिश्र ने अपनी निधि से पांच लाख रुपये दिए थे। दिन में करीब 2:30 बजे सांसद जिला अस्पताल पहुंचे। दीवारों पर फूलों का गमला और कैंपस हरा-भरा देखकर वह काफी प्रसन्न हुए और सीएमएस को बधाई दी। इसके बाद व फिमेल वार्ड में पहुंचे। वार्ड में भर्ती खड़ेसर के सरैया टोला निवासी प्रियंका गोड़ से मिलकर अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह महिला अस्पताल में पहुंचे और उसका निरीक्षण किए। स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सीएमओ से चर्चा की और कमियों को दूर करने के लिए लिखित जानकारी मांगी। इस दौरान सीएमओ डॉ. धीरेंद्र कुमार, सीएमएस डॉ. छोटेलाल, महिला सीएमएस माला सिन्हा, डॉ. सौरभ द्विवेदी, डॉ. एएम वर्मा, डॉ. शशि मिश्रा, विजय दुबे, रामदास मिश्र, गिरजेश मिश्रा, अंबिकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।