सलेमपुर। भाई को स्कूल से लेकर साइकिल से घर लौट रही छात्रा की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। छात्रा का भाई घायल हो गया। सड़क पर गिरते वक्त छात्रा ने पैर से धक्का देकर भाई को दूर कर दिया। नतीजतन छात्रा की मौत हो गई, जबकि भाई नीतीश बच गया। नीतीश का इलाज सीएचसी में कराया गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली थानाक्षेत्र के मटियरा गांव निवासी गिरीश चौहान की 16 वर्षीय बेटी पूजा चौहान मनिहारी के निजी कॉलेज में दसवीं की छात्रा थी। उसका छोटा भाई नीतीश चौहान पास के ही एक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। शुक्रवार को पूजा अपने भाई नीतीश को लेने गई थी। लौटते समय तेज रफ्तार से देवरिया की तरफ से आ रहे एक वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में घटना स्थल पर ही छात्रा की मौत हो गई। उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों ने आनन फानन में भाई-बहन को सीएचसी पहुंचाया। जहां, डॉक्टर ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। घायल नीतीश का इलाज सीएचसी में चल रहा है। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बहन की मौत से भाई बेसुध
जितेंद्र नाथ पांडेय
सलेमपुर। हाल ही में रक्षाबंधन पर भाई ने बहन को उसकी रक्षा का वचन दिया था, मगर शुक्रवार को अपनी जान देकर बहन ने इकलौते भाई की रक्षा कर ली। सड़क हादसे के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन की मौत से भाई भी बेसुध है। सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर मनिहारी गांव के सामने अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार छात्रा को टक्कर मारी तो वह साइकिल लेकर गिर पड़ी। सड़क पर गिरते वक्त बहन ने पैर से धक्का देकर भाई को दूर कर दिया। नतीजा बहन पूजा की मौत हो गई, जबकि भाई नीतीश की जान बच गई। तीन बहनों के नीतीश इकलौता भाई है। वह सबसे छोटा है। वह मनिहारी के सैनिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। सबसे बड़ी बहन इंटर में पढ़ती है। सड़क हादसे में मौत के बाद मां बिंदू का रो रोकर बुरा हाल था। पिता गिरीश चौहान मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। पूजा मनिहारी के एक इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा थी। अपने भाई को काफी मानती थी। गौरतलब है कि सलेमपुर-देवरिया मार्ग जब से फोरलेेन में तब्दील हुआ तब से सड़क हादसे बढ़ गए हैं। इस मार्ग पर पुरैना से महदहां के बीच सर्वाधिक हादसे हो रहे हैं। कुछ माह पूर्व पुरैना के पास दो चचेरे भाई की बस को बस ने रौंद दिया था। इसी जगह पर एक किसान की मौत हो गई। मनिहारी में दो दिन पूर्व अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को छात्रा को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे इस मार्ग पर चलने वालों लोगों में दहशत है।