देवरिया। नामांकन पत्र दाखिला के तीसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए 28 लोगों ने पर्चे खरीदे। गौरीबाजार नगर पंचायत से तीन लोगों ने अध्यक्ष पद और 18 सभासद पद के लिए नामांकन किया। जिला पंचायत सभागार में पूरे दिन गहमागहमी रही।
जिला पंचायत सभागार में पर्चा बिक्री और दाखिला केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को गौरीबाजार नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए रविंद्रनाथ जायसवाल, विजय कुमार सैनी और बृजेश गुप्ता ने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया। देवरिया नगर पालिका परिषद से 11 लोगों ने सभासद पद के लिए नामांकन पत्र भरा। इसके अलावा देवरिया नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए आठ, सभासद के लिए 11, गौरीबाजार नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए छह, सभासद पद के लिए 18, रामपुर कारखाना से आठ अध्यक्ष, सभासद के लिए 41, बरियारपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए छह, सभासद पद के लिए 13 पर्चे की बिक्री हुई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से नामांकन स्थल पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही।