देवरिया। नकल विहीन यूपी बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे लगे विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिन विद्यालयों में कैमरे नहीं लगे हैं, उन्हें तीन दिनों में कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। इस बार नकल विहीन विद्यालय किसी कीमत पर परीक्षा केंद्र नहीं बन पाएंगे। नकलचियों पर नकेल कसने की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी।
डीआईओएस ने बताया कि वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में मानक का पूरा ख्याल रखा जाए। इससे जोड़-तोड़ से परीक्षा केंद्र बनवाने वालों में खलबली मची है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। संस्था के ओर से भरे ऑनलाइन भरे गए सूचनाओं के सत्यापन में पाया गया कि गई विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र के इच्छुक विद्यालय तीन दिनों के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगवा लें। ताकि उसका भौतिक सत्यापन कर सूचना को अपलोड किया जा सके। उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने समस्त विद्यालयों की जांच डीआईओएस को करने का निर्देशित किया है। लिहाजा अवकाश के दिन भी प्रधानाचार्य ऐसी व्यवस्था करें कि कोई न कोई विद्यालय पर मौजूद मिले। ताकि निरीक्षण के दौरान सारी जानकारी हासिल की जा सके।