सलेमपुर। जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर गांववालों ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। बिजली विभाग के अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए अविलंब गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। दो दिन के अंदर जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो उग्र आंदोलन होगा।
तहसील क्षेत्र के मदन महुअवां और किशुन महुंअवां गांव में 25 केवीए का लगा ट्रांसफार्मर ओवर लोड की वजह से दो माह पहले जल गया। विभागीय उदासीनता के चलते अब तक ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। इसकी शिकायत गांव वाले तहसील दिवस और विभागीय अफसरों से कर चुके हैं। बावजूद इसके जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। बिजली नहीं मिलने से गांववालों को मोबाइल चार्ज के लिए दूसरे गांव में जाना पड़ रहा है। नाराज गांव वाले गुरुवार को बिजली घर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। इस दौरान बनारसी भगत, राम नरायन यादव, भोला भगत, अवधेश कुशवाहा, अनिल कुशवाहा, पंकज यादव, राम नरेश, हरेराम, फेंकनी देवी, पार्वती, लालमनी, शांती मौजूद रहे। वहीं सतरांव सब स्टेशन से जुड़े बरठा बाबू गांव का ट्रांसफार्मर दो दिन पहले जल गया। बताया जा रहा है कि छह माह के अंदर छठवा ट्रांसफार्मर जल चुका है। इसकी वजह विभागीय कर्मचारी ओवरलोड बता रहे हैं। इसके अलावा लार के सुतावर गांव का भी ट्रांसफार्मर चार दिन से जला है। सलेमपुर के जूनियर इंजीनियर रोहिताश कुमार ने बताया कि ओवर लोड के चलते ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। बदलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।