रुद्रपुर। प्राथमिक स्कूल सोनबह के ब्लैक बोर्ड पर लिखकर किसी ने शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी। शनिवार सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे तो ब्लैक बोर्ड लिखा मिला ‘शिक्षक बंधु स्कूल खोले तो जान से जाएंगे’ देख कर सकते में आ गए। उन्होंने विभागीय अधिकारी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन में लग गई।
सुप्रीम कोर्ट से शिक्षामित्रों का समायोजन रद्द होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग का माहौल गर्म है। आंदोलित शिक्षामित्र लगातार स्कूल बंद करने का दबाव बना रहे हैं। स्कूल बंद करने को लेकर कई जगहों पर शिक्षकों से झड़प भी हो चुकी है। शासन की ओर से शांति व्यवस्था कायम रखने को पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है। रुद्रपुर के सोनबह में धमकी भरी लेख को लेकर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए गांव में जाकर मामले की जांच की। वहां तैनात शिक्षक आशुतोष त्रिपाठी और अखिलेश गोस्वामी ने बताया कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है, फिर भी एहतियात के तौर पर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना दे दी गई है। सोनबह प्राथमिक स्कूल पर शिक्षामित्र से समायोजित होकर एक शिक्षक तैनात है। इस बाबत थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश पाठक ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच हो रही है।