देवरिया। खुखुंदू के मगहरा चौराहे पर रुपये की लेन-देन में संजय कुशवाहा की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी अवधेश कुशवाहा ने गुरुवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इससे आठ दिन से उसकी तलाश में जुटी खुखुंदू पुलिस ने राहत की सांस ली है। 13 जुलाई की रात आठ बजे खुखुंदू इलाके के मगहरा चौराहे के पेट्रोल पंप के पास सीएचसी परसिया चंदौर के पास चाय की दुकान चलाने वाले संजय कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय जरूर हुई, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए थे। मृतक के भाई हरिकीर्तन कुशवाहा की तहरीर पर खुखुंदू पुलिस ने मईल थानाक्षेत्र के डेहरी गांव के अवधेश कुशवाहा और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। मामले की पड़ताल में यह बात सामने आई कि रुपये के लेन-देन में अवधेश कुशवाहा ने संजय कुशवाहा को गोली मारी है। पुलिस अवधेश और उसके दो साथियों की खोज में लगी थी। गुरुवार को उसने सीजेएम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस को अभी उसके दो साथियों की तलाश है।