गौरीबाजार। नई दिल्ली से बिहार जा रही वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस से एक युवक गिर गया। उसे बचाने के लिए कुछ लोगों ने चेन पुलिंग कर नीचे कूद पड़े। ट्रेन मझना लाने के पास आ गई। अनहोनी की आशंका में स्थानीय लोग भी दौड़े और हंगामा करने लगे। ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। हादसे में युवक की मौत हो गई।
गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे के करीब वैशाली सुपरफास्ट ट्रेन चौरीचौरा से आगे निकल रही थी। मझना नाले के पास पीछे की बोगी से एक युवक ट्रेन से गिर गया। ट्रेन की रफ्तार अधिक थी। बोगी में बैठे लोगों ने चेन पुलिंग कर दी। मझना पुल पार कर ट्रेन गौरीबाजार की सीमा में आ गई। कुछ लोग ट्रेन से कूदकर युवक को बचाने दौड़ पड़े। इसी दौरान किसी ने भटौली बुजुर्ग गांव में अफवाह फैला दी कि गांव का युवक ट्रेन से कट गया। मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू किया। कुछ लोगों ने पथराव की कोशिश की। जब उन्हें हकीकत की जानकारी हुई तो वह मदद में जुट गए। ट्रेन में चलने वाले आरपीएफ और अन्य रेलकर्मी भी मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद चौरीचौरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ट्रेन से गिरने वाले युवक की पहचान छपरा जिले के परसा थानाक्षेत्र के बेतवलिया निवासी 20 वर्षीय मिथिलेश यादव के रूप में हुई। वह दिल्ली में नौकरी करता था और गांव जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।